देवर्षि नारद मुनि जयंती पर कबीरधाम में जुटेंगे प्रदेशभर के पत्रकार, भव्य आयोजन की तैयारियां तेज
कवर्धा। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन जिला इकाई कबीरधाम द्वारा आगामी 2 मई को देवर्षि नारद मुनि जयंती के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में दुर्ग संभाग सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता की संभावना है। आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे के निर्देशानुसार संभागीय उपाध्यक्ष भुवन पटेल के मार्गदर्शन एवं जिला अध्यक्ष श्याम टंडन के नेतृत्व में विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन की जिम्मेदारी को लेकर जिलेभर के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष टीकम चंद जैन, सहसपुर लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष उमेश छेदावी सहित पूरी टीम आयोजन को यादगार बनाने के लिए लगातार जुटी हुई है।
देवर्षि नारद मुनि भारतीय संस्कृति में संवाद, संचार और सत्य के प्रतीक माने जाते हैं। वे देवताओं, ऋषियों और आम जन के बीच सेतु का कार्य करते थे। उनका जीवन केवल संदेशवाहक के रूप में ही नहीं, बल्कि धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रति सजग चेतना का प्रतीक है। उन्होंने सदैव सत्य के प्रसार और समाज को दिशा देने का कार्य किया, जो आज के पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस आयोजन में नारद मुनि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही उनके जीवन मूल्यों पर आधारित विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पत्रकारिता के दायित्व, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा। इसके अलावा पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सम्मान और संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की जाएगी।
जिला इकाई ने प्रदेशभर के पत्रकारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और देवर्षि नारद मुनि के आदर्शों को अपनाते हुए सकारात्मक, निर्भीक और जनहितैषी पत्रकारिता का संकल्प लें।