सिंगपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता, लिमहईपुर बना विजेता

lok sev
previous arrow
next arrow
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिंगपुर में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता, लिमहईपुर ने जीता खिताब
पंडरिया। पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम सिंगपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मां कामाख्या कबड्डी क्लब एवं ग्राम पंचायत सिंगपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद लिमहईपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं मदनपुर की टीम द्वितीय, सरईसेत की टीम तृतीय तथा भेड़ागढ़ की टीम ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
विजेता टीम को ₹5,001 एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। यह पुरस्कार जनपद पंचायत पंडरिया के सभापति थानेश्वर जायसवाल एवं राजकुमार नेताम के सहयोग से दिया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को ₹4,001 एवं ट्रॉफी श्याम ग्रुप ऑफ भड़गा की ओर से, तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ₹3,001 एवं ट्रॉफी सरपंच ग्राम पंचायत कामठी पार्वती एवं संतराम मरकाम की ओर से तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को ₹2,001 एवं ट्रॉफी विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल ओट्टी की ओर से प्रदान की गई। आदर्श टीम पुरस्कार के रूप में ₹1,000 राम परस्ते, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दिया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सम्मानित किया गया। बेस्ट लेफ्ट कवर का पुरस्कार अर्नव सिंह मरकाम, बेस्ट राइट कवर दिलीप मरावी, बेस्ट लेफ्ट कॉर्नर कृष्ण मुरारी मरकाम, बेस्ट राइट कॉर्नर परमेश्वर धुर्वे को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट रेडर का पुरस्कार ललिता, भाग्यप्रिय एवं भार्गव को दिया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शिक्षक लोकेश परस्ते तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अंतराम धुर्वे, मां पीताम्बरा कृषि केंद्र कामठी की ओर से प्रदान किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत सिंगपुर ने ₹10,000, हेमराज मरकाम ने ₹2,100 तथा महेश उईके ने ₹1,500 सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने आर्थिक सहयोग दिया। जिला कबड्डी संघ कबीरधाम के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता के सभी मुकाबले निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुए। आयोजन ने वनांचल क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

Related posts