कबीरधाम: चाचा की हत्या का फरार आरोपी तेलंगाना से गिरफ्तार, कुकदूर पुलिस ने 2 साल बाद दबोचा

lok sev
previous arrow
next arrow
थाना-कुकदूर, जिला कबीरधाम( छत्तीसगढ़)।
कुकदुर पुलिस के अथक प्रयास के चलते हत्या के फरार आरोपी को तेलंगाना से किया गिरफ्तार।
मामूली बात को लेकर, आरोपी अपने ही चाचा को डंण्डे से मार मारकर. कर दिया था अधमरा।*
आरोपी के प्रहार को सह ना सका मृतक, पन्द्रह दिनों के इलाज के बाद हो गई मृत्यु।
आरोपी पुलिस से पकडे जाने के डर से हो गया था, फरार लगातार दे रहा था चकमा, कुकदुर पुलिस के सूझबूझ से आरोपी पहुचा सलाखों के भीतर।
कबीरधाम जिले के थाना कुकदूर पुलिस ने हत्या के एक फरार आरोपी को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। आरोपी अपने चाचा पर डण्डे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद फरार हो गया था। घटना के लगभग 15 दिन बाद घायल की मृत्यु हो गई थी, जिसके पश्चात प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपना ठिकाना बदलकर जिला सांगारेड्डी, तेलंगाना में छिपा हुआ था, जहां कुकदूर पुलिस की टीम ने मजबूत सूचना तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02.12.2024 को ग्राम बैगापारा पोलमी निवासी फूलसिंह बैगा द्वारा अपने चाचा सुकलाल बैगा पिता रावन बैगा, उम्र 55 वर्ष, निवासी बैगापारा पोलमी, थाना कुकदूर के साथ सामान्य बात को लेकर विवाद किया गया। विवाद के दौरान आरोपी द्वारा गाली-गलौच एवं धमकी देते हुए लकड़ी के डण्डे से मारपीट कर सुकलाल बैगा को गंभीर चोट पहुंचाई गई।
घटना की रिपोर्ट के आधार पर थाना कुकदूर में दिनांक 03.12.2024 को आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मेडिकल रिपोर्ट में आहत को गंभीर चोट पहुंचना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 117(2) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई।
इसी दौरान दिनांक 17.12.2024 की रात्रि आहत सुकलाल बैगा की मृत्यु हो गई। मृत्यु के पश्चात दिनांक 18.12.2024 को थाना कुकदूर में मर्ग इंटीमेशन कायम कर जांच पंचनामा की कार्रवाई की गई। मर्ग जांच एवं विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सामान्य विवाद के चलते आरोपी फूलसिंह बैगा ने अपने चाचा सुकलाल बैगा के सिर पर लकड़ी के डण्डे से हमला किया था, जिससे आई गंभीर चोटों के परिणामस्वरूप उनकी मृत्यु हुई। इसके आधार पर प्रकरण में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई।
घटना के बाद अपने चाचा की मृत्यु की जानकारी मिलते ही आरोपी फूलसिंह बैगा फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार आरोपी की पतासाजी की जा रही थी।
कुकदूर पुलिस द्वारा मजबूत सूचना तंत्र विकसित कर विश्वसनीय मुखबिरों को सक्रिय किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों की लगातार जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी फूलसिंह बैगा तेलंगाना राज्य के जिला सांगारेड्डी अंतर्गत बोंथापल्ली क्षेत्र में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस की टीम तत्काल तेलंगाना के लिए रवाना हुई। लगातार पतासाजी एवं स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा को थाना गुम्माडीडाला क्षेत्र, जिला सांगारेड्डी से तलाश कर विधिवत हिरासत में लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय जेएमएफसी न्यायालय पंडरिया में प्रस्तुत किया गया।
उक्त फरार हत्या आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय, साइबर थाना टीम एवं महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का सराहनीय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related posts