दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में कबीरधाम में 401 हितग्राहियों को 43.92 लाख के सहायक उपकरण वितरित

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow

 

दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कबीरधाम जिले में मंगलवार को सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। भारत सरकार की एडीआईपी योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में 401 हितग्राहियों को लगभग 43.92 लाख रुपये मूल्य के सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।

यह शिविर शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, कवर्धा के प्रांगण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना था।

शासन की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा, “दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की धरोहर हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह शिविर शासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।” उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सशक्त समाज की ओर कदम

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने कहा, “जब शासन की योजनाएं ज़रूरतमंदों तक समय पर पहुँचती हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित होता है।”

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी ने कहा, “सहायक उपकरण न केवल सुविधा प्रदान करते हैं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत करते हैं।”

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी ने समावेशी समाज की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समान अवसरों से ही समाज को संपूर्णता मिलती है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बघेल ने कहा कि अब शासन की योजनाएं जमीनी स्तर पर पहुँच रही हैं और जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी ने इस पहल को शासन की लोककल्याणकारी सोच का प्रतीक बताया।

आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोगी उपकरण

शिविर में जिन सहायक उपकरणों का वितरण किया गया, उनमें ट्रायसाइकिल, मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, स्मार्ट केन, वॉकिंग स्टिक, टीएलएम किट और रोलेटर शामिल रहे। इन उपकरणों ने हितग्राहियों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मनिर्भरता का संचार किया।

एलिम्को का सहयोग, प्रशासन की सक्रियता

इस शिविर का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा किया गया, जिसमें जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, कबीरधाम का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती अभिलाषा पांडा, विभागीय अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ग्राम प्रतिनिधि एवं हितग्राहियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शिविर के सफल आयोजन में मंच संचालन शिक्षक श्री दुर्गेश पांडेय ने प्रभावशाली शैली में किया।

Related posts