मुख्य मार्ग पंडरिया पोलमी बजाग मार्ग के घाटो में बड़ा हादसा टला धान काटने वाली हार्वेस्टर सड़क से पलटी, चालक बाल–बाल बचा
पंडरिया/पोलमी मध्यप्रदेश के कटनी से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही धान काटने वाली हार्वेस्टर मशीन रविवार सुबह एक बड़े हादसे का शिकार होते–होते बच गई। पंडरिया क्षेत्र के प्रसिद्ध पोलमी घोड़ा घाट के ऊपर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि हार्वेस्टर गहरी खाई में गिरने से मात्र 5 फीट की दूरी पर रुक गई, जिससे चालक की जान बच गई और किसी तरह की बड़ी जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार हार्वेस्टर कटनी से धान कटाई कार्य के लिए पंडरिया सहित आसपास के गांवों की ओर जा रही थी। घोड़ा घाट के संकरे और मोड़दार रास्ते पर पहुंचते ही मशीन ने अचानक संतुलन खो दिया। सड़क का किनारा टूटने और तेज ढलान होने के कारण हार्वेस्टर झुकते हुए पलट गई। घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
चालक ने बताया कि घाट में एक मोड़ लेते समय सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अचानक हार्वेस्टर का स्टेयरिंग भारी हो गया और मशीन सड़क के किनारे फिसल गई। अगर वाहन कुछ फीट और नीचे सरक जाता तो 40-50 फीट गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मशीन को क्रेन की मदद से सीधा करने का प्रयास शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घोड़ा घाट क्षेत्र में सड़क संकरी होने और सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से घाट में सड़क चौड़ीकरण तथा मजबूत सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को टाला जा सके।
फिलहाल हार्वेस्टर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है और चालक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।