ग्राम पोलमी में प्रकृति का अद्भुत करिश्मा, अनोखे आकार का आम का पेड़ बना आकर्षण का केंद्र
ग्राम पोलमी में इन दिनों एक अद्भुत प्राकृतिक नजारा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेन रोड स्थित साहू इलेक्ट्रॉनिक के पास एक आम का पेड़ अपनी अनोखी बनावट के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पेड़ को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
पहली नजर में यह पेड़ ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी कलाकार ने इसे बड़े ही सलीके से काट-छांट कर चौकोर आकार में ढाल दिया हो। इसके चारों कोने इतने संतुलित और स्पष्ट दिखाई देते हैं कि कोई भी देखकर हैरान रह जाता है। देखने वालों को विश्वास ही नहीं होता कि यह आकार पूरी तरह प्राकृतिक है और इसमें किसी प्रकार की मानवीय हस्तक्षेप नहीं हुआ है।



