विधानसभा स्तरीय दीपावली मिलन समारोह हाई स्कूल मैदान पोलमी में आयोजित : पंडरिया विधायक भावना बोहरा
भाजपा विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं, जिनके परिश्रम, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम के बल पर पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है। वे हाई स्कूल मैदान पोलमी, पंडरिया में आयोजित विधानसभा स्तरीय दीपावली मिलन समारोह एवं आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
इस विशाल आयोजन में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लगभग 2500 से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक बोहरा ने कार्यकर्ताओं के साथ स्नेहभोज किया और सुप्रसिद्ध गायक सुनील सोनी की टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की।
विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भारत और छत्तीसगढ़ आज विकसित व आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा –
“आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक नीति नहीं, यह राष्ट्र निर्माण की भावना है। जब हर नागरिक स्वदेशी अपनाता है और अपने श्रम पर गर्व करता है, तभी भारत सशक्त बनता है।”
उन्होंने कांग्रेस शासनकाल को पंडरिया के लिए उपेक्षा और भ्रष्टाचार का दौर बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद विकास की नई रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा कि आज पंडरिया विधानसभा में सड़क, पुल, पेयजल, रोशनी, स्वच्छता और आवास जैसी योजनाओं से हर गांव और घर तक विकास पहुँच रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से सुतियापाट नहर विस्तार, हरिनाला पुल निर्माण, पंडरिया बायपास, उप तहसील कार्यालयों की स्थापना, पीएम जनमन व महतारी वंदन योजना जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।कार्यक्रम में खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि मोदी जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘हर घर स्वदेशी’ अभियानों ने आत्मनिर्भर भारत को नई दिशा दी है। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान जिला संयोजक रामकुमार भट्ट ने कहा कि भारत आज इम्पोर्टर से एक्सपोर्टर की ओर अग्रसर है।
अंत में पंडरिया भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत वटिया ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।