भेड़ागढ़ (पटेलपारा): हेडपंप खराब, बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण – सरपंच-सचिव पर अनदेखी का आरोप
भेड़ागढ़ (पटेलपारा)। ग्राम पंचायत भेड़ागढ़ के पटेलपारा मोहल्ले में पिछले तीन चार माह से हेडपंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष नकुल बघेल ने बताया कि हेडपंप खराब होने की शिकायत कई बार सरपंच और सचिव को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि लगातार अनुरोध के बावजूद पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हेडपंप की मरम्मत कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पंचायत और संबंधित विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर राहत प्रदान करते हैं।