कवर्धा में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन को मिला नया नेतृत्व, श्याम टंडन बने जिलाध्यक्ष
कवर्धा। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कवर्धा (जिला कबीरधाम) के लिए नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की है। संगठन के दुर्ग संभाग अध्यक्ष गौरीशंकर सिंह एवं संभागीय उपाध्यक्ष भुवन पटेल की अनुशंसा पर श्याम टंडन को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व में किए गए सभी मनोनयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। साथ ही जिला एवं ब्लॉक इकाई के गठन की जिम्मेदारी नव नियुक्त जिलाध्यक्ष श्याम टंडन को सौंपी गई है।
श्याम टंडन की नियुक्ति के बाद जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। संगठन के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में यूनियन की गतिविधियां और अधिक सक्रिय होंगी तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष श्याम टंडन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे।