कवर्धा में मुख्यमंत्री साय ने मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
कवर्धा में मुख्यमंत्री साय ने मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया
कवर्धा: जिले में शुक्रवार को मुख्यमंत्री साय ने मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया. ग्राम घोटिया में नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा शामिल हुए.
306 करोड़ की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज: राज्य शासन ने मेडिकल कॉलेज के लिए 40 एकड़ भूमि आवंटित की है. साथ ही इसके निर्माण के लिए 306 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति दी है. अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. मेडिकल कॉलेज बनने से कबीरधाम जिले की स्वास्थ्य सुविधाएँ मजबूत होंगी. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी.
जनप्रतिनिधियों के बयान
कवर्धा जिले को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिली है. हम अपने वादों को लगातार पूरा कर रहे हैं.- विधायक भावना बोहरा
कई विकास कार्य चल रहे हैं. राजनांदगांव में एस्ट्रोटर्फ बनेगा और भोरमदेव के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है.- सांसद संतोष पांडेय
सिर्फ दो साल में राज्य में 5 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नर्सिंग कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं.- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
कवर्धा में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं. क्रिटिकल केयर यूनिट से लेकर अब मेडिकल कॉलेज तक कई काम हो रहे हैं.- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कवर्धा सहित पूरे प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है.- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या कहा: CM ने लोगों से ट्राइबल म्यूजियम को देखने की अपील की. कहा कि प्रदेश के निर्माण के 25 साल में कई विकास के काम हुए हैं. किसानों से किया वादा भी पूरा कर रहे हैं. 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत दे रहे हैं. तेंदूपत्ता संग्रहण के दाम भी बढ़ाए हैं.
अब कवर्धा में मेडिकल कॉलेज बनने से इलाज के लिए दूर नहीं जाना होगा. साथ ही यहां के बेटा-बेटी भी पढ़ाई कर डॉक्टर बनेंगे.- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री
कॉलेज खोलने की घोषणा: CM साय ने आगे कहा कि वन संपदा को भी वैल्यू एडिशन कर रोजगार से जोड़ने का काम बीजेपी सरकार कर रही है. सिर्फ MoU नहीं सेमीकंडक्टर समेत कई उद्योग चालू भी हो गए हैं. भोरमदेव को और सुंदर बनाने के लिए भारत सरकार ने 150 करोड़ की राशि की स्वीकृति दी है. विजय शर्मा की मांग पर रवेली में महाविद्यालय खोलने की घोषणा करता हूं.

Related posts