कामठी–भेड़ागढ़ प्रधानमंत्री सड़क पर खतरा, उखड़ रही सड़क और अधूरी सुरक्षा दीवार से हादसे का अंदेशा
कामठी से भेड़ागढ़ तक बनी प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत तैयार सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क कई जगहों पर उखड़ने लगी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नदी किनारे का हिस्सा बेहद खतरनाक हो गया है।
जानकारी के अनुसार, नदी के किनारे पानी के तेज बहाव से सड़क को बचाने के लिए एक सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण किया गया था, लेकिन अब तक उसका मिट्टीकरण (फिलिंग कार्य) नहीं किया गया है। इस लापरवाही के कारण दीवार के पास गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से स्कूली बच्चे रोजाना आना-जाना करते हैं। गड्ढों और टूटी सड़क के कारण बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं, मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों के लिए यह रास्ता और भी जोखिम भरा हो गया है। जरा सी चूक किसी गंभीर दुर्घटना में बदल सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवार के पास मिट्टी भराई का कार्य पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यहां बड़ा हादसा होना तय है।



