पंडरिया SDM कार्यालय में किसानों का प्रदर्शन, 1 सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
पंडरिया। वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर के राजस्व ग्राम चांटा और आगरपानी के सैकड़ों किसान सोमवार को अपनी समस्याओं को लेकर SDM कार्यालय पंडरिया पहुंचे। किसानों ने बताया कि वर्ष 2021-22 में गांव में बंदोबस्त का कार्य राजस्व विभाग द्वारा किया गया था। बंदोबस्त के बाद नक्शा तो कंप्यूटर में अपलोड कर दिया गया, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद नया खसरा अब तक ऑनलाइन अपडेट नहीं किया गया है।
इस कारण किसानों को बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे वे काफी परेशान और निराश हो चुके हैं। किसानों का कहना है कि खसरा अपडेट नहीं होने से जमीन संबंधी कार्यों में दिक्कत आ रही है।
इस समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया रजक और पोलमी सेक्टर प्रभारी अंगद शिव के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल SDM कार्यालय पहुंचा। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम साहू, जनसेवक आनंद सिंह ठाकुर, शिव गायकवाड़, श्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों ने तहसीलदार से चर्चा कर अपनी समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समस्या के निराकरण के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।
वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।