पंडरिया में नवीन उप पंजीयक भवन का भूमिपूजन, ₹71.41 लाख की लागत से होगा निर्माण
भावना बोहरा ने पंडरिया महाविद्यालय के समीप ₹71 लाख 41 हजार की लागत से बनने वाले नवीन उप पंजीयक भवन के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। यह भवन लंबे समय से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसके पूर्ण होने पर पंडरिया नगर सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने कहा कि इस उप पंजीयक भवन के निर्माण से किसानों, भूमिधारकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भूमि पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन तथा संपत्ति क्रय-विक्रय से जुड़े कार्यों के लिए अन्य शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अब ये सभी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय, श्रम और संसाधनों की बचत होगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता भी आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ की डबल इंजन भाजपा सरकार के संयुक्त प्रयासों से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यह नया भवन जनता की सुविधा, सम्मान और प्रशासनिक सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू, नगर पालिका परिषद पंडरिया अध्यक्ष श्रीमती मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष श्री सुमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री रविश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री नवल किशोर पांडे सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे