राज्य स्तरीय सात दिवसीय NSS शिविर में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की टीम रवाना; प्रेरणा सिंह ठाकुर और वजन राम साहू करेंगे नेतृत्व
कवर्धा: हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की एक विशेष टीम राज्य स्तरीय सात दिवसीय आवासीय शिविर में भाग लेने के लिए बलौदाबाजार हेतु रवाना हो गई है। यह शिविर 22 से 28 जनवरी 2026 तक शासकीय दाऊ कल्याण सिंह महाविद्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में विश्वविद्यालय के चयनित स्वयंसेवक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और नशा मुक्त समाज का संदेश देंगे।
इस महत्वपूर्ण टीम का नेतृत्व संयुक्त रूप से प्रेरणा सिंह ठाकुर (शासकीय जे.वाई. छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर) और कार्यक्रम अधिकारी वजन राम साहू (स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा) द्वारा किया जा रहा है। इनके कुशल मार्गदर्शन में कवर्धा और बेमेतरा जिले के स्वयंसेवक भी पूरे छत्तीसगढ़ से आए छात्र-छात्राओं के साथ सात दिनों तक विभिन्न गतिविधियों में शामिल होंगे। टीम में कवर्धा से राहुल बघेल (शासकीय नवीन महाविद्यालय, कुई-कुकदूर), प्रदीप धुर्वे (गजानन माधव मुक्तिबोध शासकीय महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा), नितेश बंजारे (स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, बोडला) और बेमेतरा से जीतू (समाधान महाविद्यालय, बेमेतरा) शामिल हैं।
यह सात दिवसीय आवासीय शिविर युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित है। शिविर का मुख्य केंद्र बिंदु ‘नशा मुक्त समाज’ के लिए युवाओं की भूमिका और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इस दौरान स्वयंसेवक विभिन्न बौद्धिक सत्रों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, योग और श्रमदान के माध्यम से समाज सेवा का संदेश देंगे। शिविर का उद्देश्य युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सहभागी बनाना है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव और कार्यक्रम समन्वयक जनेन्द्र कुमार दीवान एवं जिला संगठक डॉ श्रीमती के. एस. परिहार ने टीम के नेतृत्वकर्ताओं और सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि यह दल न केवल अनुशासन का परिचय देगा, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के अपने संकल्प में भी सफल होगा।