मुनमुना संकुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
मुनमुना संकुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह
पंडरिया। पंडरिया विकासखंड अंतर्गत मुनमुना संकुल में शनिवार को होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी भाईचारे तथा सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में रंगों के इस पावन पर्व की खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव, संकुल प्राचार्य हेमलता टंडन तथा संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता भी शामिल हुए। इसके अलावा संकुल के सभी प्रधान पाठक और शिक्षक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों में गणेश राम ध्रुव, धर्मराज वर्मा, चैतराम धुर्वे, लखनलाल चंद्रवंशी, श्यामा मेश्राम, सिद्धाराम मंडावी, रामभरोस पटेल, अतुल तिवारी, खडानंद कश्यप, प्रणिता बर्मन, राजेंद्र प्रजापति, नरेश कुमार चेचाम सहित अन्य शिक्षक एवं संस्था के कर्मचारी मौजूद रहे।
संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि प्रेम, भाईचारे और सकारात्मकता का प्रतीक है। जिस प्रकार विभिन्न रंग मिलकर होली को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार शिक्षक भी विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, संस्कार और अनुशासन के रंग भरते हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का कर्तव्य है कि वह बच्चों के मन और मस्तिष्क को इस प्रकार शिक्षित करे कि वे भविष्य में समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।
वहीं खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति विविधता में एकता का प्रतीक है। यहां अलग-अलग जाति, समाज और परंपराओं के लोग रहते हुए भी सभी पर्व-त्योहारों को मिलजुल कर मनाते हैं। यही हमारी सभ्यता और संस्कार की पहचान है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों में भी ऐसे ही संस्कार विकसित करें ताकि वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के अंत में संकुल प्राचार्य हेमलता टंडन ने सभी अतिथियों और उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने एक-दूसरे को गुजिया खिलाकर मुंह मीठा किया और रंगों के इस पावन पर्व को मिलजुल कर मनाते हुए खुशियां साझा कीं। समारोह का समापन सौहार्द और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Related posts