कबीरधाम में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर आज कबीरधाम जिले में संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राज्य शासन से कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
संघ ने बताया कि 18 जून 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा कर्मचारियों के हित में की गई घोषणाओं के बावजूद अब तक आदेश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। इस संबंध में संघ ने नौ प्रमुख मांगें रखीं —
1️⃣ पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (डी.ए.) देने की घोषणा तत्काल लागू की जाए।
2️⃣ राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान गृहभाड़ा भत्ता (HRA) प्रदान किया जाए।
3️⃣ दैनिक, संविदा एवं तृतीय वर्ग कर्मचारियों का नियमितीकरण शीघ्र किया जाए तथा सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
4️⃣ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए चार स्तरीय वेतनमान का आदेश जारी किया जाए।
5️⃣ शिक्षकों एवं सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगतियाँ समाप्त की जाएं।
6️⃣ शिक्षकों/कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न ‘संवर्गों’ के बीच विसंगतियाँ दूर करने हेतु गठित समिति की अनुशंसा लागू की जाए।
7️⃣ उच्च पद पर पदोन्नति हेतु गणना करते समय शिक्षक एल.बी. संवर्ग को समस्त सेवा का लाभ दिया जाए।
8️⃣ उच्चतर पेंशन हेतु छत्तीसगढ़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान सुविधा दी जाए।
9️⃣ मृतक आश्रित नियुक्ति की 10 प्रतिशत सीमा समाप्त कर समस्त पात्र आश्रितों को नियुक्ति दी जाए।
इस अवसर पर दीपक ठाकुर, जिलाध्यक्ष तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ कबीरधाम, अर्जुन चंद्रवंशी, संयोजक अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन, संतोष साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश पेंशनर्स संघ जिलाध्यक्ष, प्रफुल्ल बिसेन, विकासखंड अध्यक्ष, सतीश चंद्राकर, सहसंयोजक, भावेश शर्मा, सहसंयोजक, एवं प्रताप चंद्रवंशी, संरक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्यवाही नहीं की गई, तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।