पंडरिया सेवा सदन का शुभारंभ: सेवा, संवेदना और संकल्प का प्रतीक—विधायक भावना बोहरा
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में “पंडरिया सेवा सदन” का शुभारंभ किया गया है। यह पहल क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा के जनसेवा संकल्प का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि “भावना दीदी की गारंटी” केवल एक वादा नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए लिया गया अटूट संकल्प है।
अक्सर देखा जाता था कि राजधानी रायपुर में इलाज कराने आने वाले पंडरिया क्षेत्र के मरीजों के परिजनों को ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए “पंडरिया सेवा सदन” की शुरुआत की गई है, जो जरूरतमंद परिवारों को सहारा और सुविधा प्रदान करेगा।
रायपुर के देवेंद्र नगर सेक्टर-2 में स्थित इस सेवा सदन में पंडरिया विधानसभा से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही शुद्ध एवं सात्विक भोजन, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, सर्वसुविधायुक्त कमरे, स्नानघर, शौचालय, पर्याप्त जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और आरामदायक बिस्तरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि पंडरिया के हर उस परिवार के लिए अपना घर है, जो इलाज के लिए दूर शहर आता है। उन्होंने जनता के आशीर्वाद और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
“पंडरिया सेवा सदन” जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेगा। सुविधा का लाभ लेने के लिए इच्छुक लोग मोबाइल नंबर 7747892000 और 7747992000 पर संपर्क कर सकते हैं।