रणवीरपुर महतारी सदन के कार्यों का निरीक्षण किया, निर्माण एजेंसी पर जताई नाराजगी

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रणवीरपुर में निर्माणाधीन महतारी सदन और सामुदायिक भवन के कार्यों का कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति और ईंट जुड़ाई में सीमेंट की मात्रा कम पाए जाने पर कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई और नाराजगी जाहिर की। रणवीरपुर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा का गृहग्राम है, जहां राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘महतारी सदन’ का 24.70 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं, विधायक निधि से 8.57 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का कार्य भी प्रगति पर है।कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत निगरानी के निर्देश ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (RES) के एसडीओ श्री रवि साहू को दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम व जनपद सीईओ श्री शिव साहू भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले के अन्य पंचायतों में चल रहे महतारी सदन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले की 14 पंचायतों में 3.45 करोड़ रुपए की लागत से महतारी सदन निर्माण किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक भवन की लागत 24 लाख 70 हजार रुपए निर्धारित है।

इन पंचायतों में कवर्धा विकासखंड के बम्हनी, रबेली, लखनपुर, खडौदा (रबेली), भागुटोला, मैनपुरी, जोराताल, बरबसपुर, बिरकोना, धरमपुरा, सहसपुर लोहारा के रणवीरपुर और पंडरिया विकासखंड के मोहतराखुर्द, कुंडा और जेवड़नकला शामिल हैं।

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि जब जनप्रतिनिधि के गृह ग्राम में ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, तो अन्य स्थानों की स्थिति की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता सहित पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related posts