कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई : फर्जी इंस्टाग्राम-फेसबुक आईडी बनाकर महिला की फोटो वायरल करने वाला आरोपी सूरत से गिरफ्तार

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई : फर्जी इंस्टाग्राम-फेसबुक आईडी बनाकर महिला की फोटो वायरल करने वाला आरोपी सूरत से गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से महिला को ब्लैकमेल करने और उसकी फोटो वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को गुजरात के सूरत से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना कुण्डा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल नंबर ले लिया और इंस्टाग्राम के जरिए लगातार संपर्क में रहने लगा। कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर अश्लील वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर किया और वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीनशॉट लेकर अपने मोबाइल में सुरक्षित रख लिया।
बाद में जब पीड़िता ने वीडियो कॉल करने से मना कर दिया तो आरोपी उसे धमकाने लगा और कहा कि उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी बनाकर उसके फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दिए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कुण्डा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भूपत धनेश्री के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के सूरत (गुजरात) में होने की जानकारी मिली। इसके बाद कुण्डा थाना की टीम सूरत रवाना हुई और वहां से आरोपी अनिल कुमार मौर्य (34 वर्ष), निवासी नवागम नरोत्तम नगर, सब्जी मार्केट डिडौली, जिला सूरत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts