यूट्यूब से सीखी एटीएम काटने की तरकीब, पुलिस ने साजिश नाकाम कर आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
यूट्यूब से सीखी एटीएम काटने की तरकीब, पुलिस ने साजिश नाकाम कर आरोपी को रंगे हाथ दबोचा
कबीरधाम। जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही पुलिस की सतर्कता से उसे विफल कर दिया गया। थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र में एटीएम मशीन काटकर पैसे चोरी करने की साजिश रचने वाले आरोपी को पुलिस ने गैस कटर और अन्य उपकरणों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को पंजाब नेशनल बैंक लोहारा शाखा के एटीएम को गैस कटर से काटने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर के एटीएम की निगरानी बढ़ा दी गई और रात्रि गश्त के दौरान हर घंटे एटीएम चेकिंग अनिवार्य कर दी गई।
इसी सघन अभियान के तहत 24 मार्च 2026 की रात पुलिस टीम एटीएम निरीक्षण कर रही थी, तभी एक युवक संदिग्ध हालत में एटीएम के पास मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदलाल साहू (30 वर्ष), निवासी छोटूपारा, थाना सहसपुर लोहारा बताया। उसने खुलासा किया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए उसने यूट्यूब पर एटीएम काटने के तरीके सीखे। इसी के आधार पर उसने एटीएम मशीन काटकर पैसे चोरी करने की योजना बनाई थी।
आरोपी ने कबूल किया कि वह पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान क्षेत्र के एटीएम में चोरी का प्रयास कर चुका है, लेकिन हर बार असफल रहा। पुलिस ने आरोपी से घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएट कराकर वारदात की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गैस कटर, गैस व ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल, नकाब और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस की मुस्तैदी और लगातार निगरानी के चलते एक बड़ी वारदात टल गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लालच में आकर अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और ईमानदार तरीके से जीवन यापन करें।

Related posts