कुकदुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी, CCTV में कैद हुई घटना
कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंगीटोला में मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भंगीटोला निवासी प्रीतम गढ़ेवाल, पिता सुमरित प्रसाद गढ़ेवाल की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JP 5902 को अज्ञात चोर द्वारा घर के सामने से चोरी कर लिया गया।
घटना दिनांक 09 अप्रैल 2026, गुरुवार की रात्रि की बताई जा रही है। पीड़ित प्रीतम गढ़ेवाल ने बताया कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल रोज की तरह घर के सामने खड़ी की थी, लेकिन सुबह उठने पर वाहन वहां से गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने तत्काल थाना कुकदुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले की खास बात यह है कि चोरी की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध रूप से वाहन को ले जाते हुए नजर आ रहा है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस को इससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर वाहन बरामद करने की मांग की है। उन्होंने आवेदन के साथ वाहन की आरसी की छायाप्रति भी प्रस्तुत की है।
वहीं, इस घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।