गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय सीमा में पूरा करें कार्य – अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल
दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता ने किया कबीरधाम जिले में सड़क निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण
चारों विकासखंडों में चल रही सड़क योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, ठेकेदारों को दिए सख्त निर्देश
कवर्धा, 13 मार्च 2026। दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने 11 और 12 मार्च को कबीरधाम जिले का दो दिवसीय दौरा कर विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, लोहारा, बोड़ला और पंडरिया में चल रही सड़क योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया और कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (एमएमजीएसवाई), मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से वनांचल क्षेत्र बोड़ला और पंडरिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों कवर्धा और लोहारा में बन रही सड़कों की गुणवत्ता और प्रगति की स्थिति की जांच की।
निर्माण गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता ने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, डामरीकरण और तकनीकी मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य केवल समय पर पूरा होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी उच्च स्तर की होनी चाहिए ताकि लंबे समय तक लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय अभियंताओं को भी नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
जनजातीय क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता
समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पिछड़ी जनजातीय बस्तियों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने चारों विकासखंडों में चल रहे सभी अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।