प्रदेश में अब पंचायतें बनाएंगी “महतारी सदन”पंचायतों को अधिकार, महिलाओं को सम्मान – यही है सुशासन सरकार की पहचान: भावना बोहरा
पंडरिया। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई दिशा देते हुए अब पंचायत स्तर पर “महतारी सदन” के निर्माण की पहल की जा रही है। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंचायतों को अधिकार और महिलाओं को सम्मान देना ही सुशासन सरकार की पहचान है।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि “महतारी सदन” गांवों में महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, सशक्त और सक्रिय मंच के रूप में कार्य करेगा। यहां महिला समूहों की बैठकें, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियां, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और सामाजिक संवाद जैसे विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और पंचायतों को भी स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने एवं विकास कार्यों को गति देने का अधिकार सशक्त रूप से प्राप्त होगा। “महतारी सदन” गांवों में सामाजिक एकजुटता और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का केंद्र बनेगा।
विधायक ने आगे कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता है कि गांव की माताओं-बहनों को सम्मानजनक स्थान और सुविधाएं मिलें। पंचायतों के माध्यम से इस पहल को लागू कर सरकार ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला उत्थान और ग्राम विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है।