बिजली केबल तार में शॉर्ट सर्किट से पहरावत में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की मदद से पाया गया काबू
पंडरिया वनांचल क्षेत्र के ग्राम पोलमी की शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली केबल तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण पहरावत (पशुओं के चारे का ढेर) में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा पहरावत जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 7:00 बजे की है। बताया जा रहा है कि पोलमी में लगे दो बिजली खंभों के बीच केबल तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी पास में रखे कन्हैयालाल के पहरावत पर गिर गई, जिसके कारण उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और पूरा पहरावत जलकर खाक हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि आग पूरी तरह बुझाने में काफी समय लगा।
बताया जा रहा है कि कन्हैयालाल ग्राम पोलमी के निवासी हैं और मजदूरी व छोटे-मोटे काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पहरावत जल जाने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है, जिससे वे बेहद दुखी हैं।



