सड़क हादसे ने छीन ली संपूर्ण सहारा : पूर्व पंडरिया जनपद उपाध्यक्ष प्रज्ञेष तिवारी का दो दिन के अंतराल में माता-पिता दोनों की मौत,
कबीरधाम जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पंडरिया ही नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर भी गहरी संवेदना जगाई है।
पंडरिया जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष प्रज्ञेष तिवारी के माता-पिता की एक भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 4 सितंबर को बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में हुआ था। बताया जाता है कि कार में सवार तिवारी दंपत्ति अचानक सामने आई गाय को बचाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।
इस हादसे में श्रीमती तिवारी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पिता श्री रमेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद 6 सितंबर को उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।
क्षेत्र में शोक की लहर
दो दिन के भीतर माता-पिता दोनों के आकस्मिक निधन से प्रज्ञेष तिवारी और उनका पूरा परिवार शोकसागर में डूब गया है। इस घटना से न केवल पंडरिया क्षेत्र बल्कि पूरे कबीरधाम जिले में गहरा शोक व्याप्त है।
सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की है। लोग इसे परिवार और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति मान रहे हैं।
अंत्येष्टि कार्यक्रम
दिवंगत श्री रमेश तिवारी की अंत्येष्टि का आयोजन रविवार, 7 सितंबर 2025 को बिलासपुर के सरकंडा में प्रातः 11:30 बजे किया जाएगा
पंडरिया की राजनीति और सामाजिक जीवन में सक्रिय तिवारी परिवार की इस दुर्घटना ने एक बड़ा रिक्त स्थान छोड़ दिया है। यह घटना सड़क सुरक्षा, अवैध पशु आवागमन और यातायात प्रबंधन जैसे गंभीर सवाल भी खड़े करती है, जिन पर अब व्यापक विमर्श की आवश्यकता है।