महिला से छेड़छाड़ व मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
लोहारा/कबीरधाम। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लोहारा कृष्ण कुमार चंद्राकर के दिशा-निर्देशन में थाना लोहारा प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट से जुड़ा वीडियो वायरल होने की जानकारी पुलिस को मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना लोहारा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़ित महिला थाना लोहारा पहुंची और अपने साथ हुई घटना के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीनानाथ देवांगन पिता धनवा देवांगन, निवासी ग्राम सिल्हाटी, थाना लोहारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत बीएनएस की धारा 74, 76, 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और 6 मार्च 2026 को आरोपी दीनानाथ देवांगन (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क है।