जंगल में फांसी पर लटकी मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, 10–15 दिन पुरानी होने की आशंका
कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा अंतर्गत कुकदूर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब घने जंगल के बीच एक अज्ञात व्यक्ति की फांसी पर लटकी लाश बरामद हुई। यह घटना ग्राम पंचायत बिरुलडीह के आश्रित ग्राम कुंडा पानी स्थित बासा पानी खोथरा के जंगल की है, जहां आमतौर पर ग्रामीणों का आना-जाना बेहद कम रहता है। सुनसान इलाके में शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के कोटवार ने संदिग्ध स्थिति की सूचना कुकदूर थाने में दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संग्राम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति का शव कुसुम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और वह सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना करीब 10 से 15 दिन पुरानी हो सकती है।
घटनास्थल मध्यप्रदेश सीमा से सटा हुआ होने के कारण पुलिस आसपास के गांवों और सीमावर्ती क्षेत्रों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेज दिया है और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मृतक की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।