कुकदुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमार्ग बजाग स्टेट हाईवे पर बुधवार शाम घटित सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
पंडरिया। कबीरधाम जिले के पंडरिया कुकदुर बजाग स्टेट हाईवे पर बुधवार शाम घटित सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। लगभग शाम 5 बजे हुए इस हादसे में जखनाडीह निवासी प्रेमसिंग बैगा की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना में बच्ची की मां गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग आक्रोशित भी हैं।घर लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमसिंग बैगा अपनी पत्नी रामकली और बच्चों के साथ कुई बाजार से दैनिक आवश्यक सामान खरीदकर लौट रहे थे। जैसे ही उनका मोटरसाइकिल पोलमी से लगभग 10 किलोमीटर आगे, पहाड़ मोड़ के पास पहुंचा, उसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि वाहन रामकली को टक्कर मारते हुए लगभग 30 से 40 फीट तक घसीटता ले गया, जबकि बच्ची पुलिया से टकराकर सड़क किनारे जा गिरी। लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बच्ची दम तोड़ चुकी थी।
घायलों की स्थिति हादसे में मां रामकली को गंभीर चोटें आई हैं। उनके पैर की हड्डी टूट गई है और उन्हें सिर व शरीर में गहरी चोटें लगी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टर्स ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा।
प्रेमसिंग बैगा और उनका छोटा बेटा भी घायल हुए हैं, हालांकि उनकी चोटें हल्की बताई जा रही हैं। परिवार अभी भी सदमे में है और बार-बार बच्ची को याद कर रो रहा है।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन मौके से बिना रुके फरार हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की जांच, चेक पोस्ट अलर्ट और वाहन नंबर की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों का प्रशासन पर सवाल
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस हाईवे पर लंबे समय से तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन न तो स्पीडब्रेकर लगे हैं और न ही किसी प्रकार की निगरानी व्यवस्था
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन की तैयारी करेंगे।
गांव में मातम
बच्ची की अचानक मौत से जखनाडीह गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार को ढांढस बंधाने लोग घर पहुंच रहे हैं, लेकिन हर किसी की आंखें नम हैं। बच्ची अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। परिजनों ने बताया कि वह चंचल, हंसमुख और बेहद प्यारी थी।
परिजनों की अपील
परिवार ने प्रशासन से दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को जल्द पकड़ने और सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। यह सड़क हादसा एक बार फिर बताता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर मौत बनकर घूम रही है।

Related posts