महादेव घाट तीर्थस्थल, अमलीटोला (बदना) में दो दिवसीय भव्य मड़ई मेला संपन्न
कबीरधाम जिले के पावन धाम महादेव घाट तीर्थस्थल में आयोजित दो दिवसीय भव्य मड़ई मेला कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक लोक संस्कृति के रंगों के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सभापति – जिला पंचायत कबीरधाम दीपा – पप्पू धुर्वे अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भगवान महादेव के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मड़ई मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक परंपराओं, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराने का कार्य करते हैं।
अपने संबोधन में सभापति श्रीमती धुर्वे ने ग्रामीणों को मड़ई मेले की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला पंचायत निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन पहुंचे। लोकनृत्य, भजन-कीर्तन, पारंपरिक झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। बच्चों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
ग्रामवासियों ने सभापति श्रीमती दीपा-पप्पू धुर्वे का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “जय जोहार” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दो दिवसीय इस भव्य मड़ई मेले ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। आयोजन की सफलता में ग्राम समिति, युवा मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।