ग्राम पंचायत बदना के वार्ड क्रमांक 10 में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी अब 15वें वित्त से वार्ड क्रमांक 10 में नल-बोर खनन कार्य प्रारंभ, ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी
ग्राम पंचायत बदना के वार्ड क्रमांक 10 में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी अब 15वें वित्त से वार्ड क्रमांक 10 में नल-बोर खनन कार्य प्रारंभ, ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी
ग्राम पंचायत बदना के वार्ड क्रमांक 10 में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। गर्मी के दिनों में जलसंकट और भी गंभीर हो जाता था, जिससे वार्डवासियों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ता था। ग्रामीणों की इसी बहुप्रतीक्षित मांग को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग मद से नल-बोर खनन कार्य की स्वीकृति दी गई, जिसका आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्री शंकर यादव, जनपद प्रतिनिधि एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री रमेश मरावी तथा पंच प्रतिनिधि श्री साखन धुर्वे की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नल-बोर खनन कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी भी उपस्थित रहे और अपनी खुशी व्यक्त की।
सरपंच श्री शंकर यादव ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग जनहित और आवश्यक विकास कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 10 में नल-बोर खनन से अब ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
जनपद प्रतिनिधि एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री रमेश मरावी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। पंच प्रतिनिधि श्री साखन धुर्वे ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें और पानी का सदुपयोग करें।
ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। नल-बोर खनन कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड क्रमांक 10 के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। यह पहल ग्राम पंचायत बदना में विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।