पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से स्थानीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने आज ग्राम भगतपुर एवं निंगापुर में 34 लाख रुपये से अधिक लागत के अधोसंरचना एवं जनसुविधा विकास कार्यों का भूमिपूजन किया
ग्राम भगतपुर में आंगनबाड़ी भवन एवं सार्वजनिक शौचालय तथा ग्राम निंगापुर में नवीन ग्राम पंचायत भवन सहित अन्य विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की सुलभता बढ़ेगी और नागरिकों का जीवन स्तर सुधरेगा
विधायक बोहरा ने इस अवसर पर कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामों के सतत विकास, पारदर्शिता से कार्यों के निष्पादन और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि गांव देश की आत्मा हैं और ग्रामीण अधोसंरचना सुदृढ़ करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे न केवल सुविधाएं प्रदान करेंगे बल्कि ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन भी लाएंगे।।



