इन्हें किसी का खौफ नहीं है भेड़ागढ़ व तेलियापानी लेदरा के पास जंगल में आरी मशीन से काटे जा रहे पेड़
वनक्षेत्र व राजस्व वनों में पेड़ों की अवैध कटाई जारी, भट्ठों में ईंटों को पकाने में हो रहा इस्तेमाल
पंडरिया वन परिक्षेत्र में जंगलों से पेड़ों की अवैध कटाई जारी है। इंट भट्ठों में ईंटें पकाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ियां ढोई जा रही हैं। पंडरिया पूर्व रेंज के भेड़ागढ़ व तेलियापानी लेदरा के बीच जंगल में आरी मशीन से पेड़ों की कटाई करते हुए वीडियो सामने आई है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्राम पंचायत नेठर में अवैध लकड़ी परिवहन की सबसे ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं। जंगल से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लकड़ियां भरकर खुलेआम ले जाई जा रही हैं। इनमें तेंदू, साजा, महुआ, सेन्हा और डूमर जैसी प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं। जानकारों के मुताबिक, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 2 घन मीटर लकड़ी आती है। 2 घन मीटर महुआ लकड़ी की कीमत 15 से 17 हजार रुपए होती है। पेड़ों की अवैध कटाई से पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंच रही है। इसे लेकर वन विभाग कोई बड़ी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
कवर्धा. पंडरिया पूर्व रेंज में भेड़ागढ़ के पास आरी मशीन से पेड़ कटाई करते हुए।
प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण के लिए उपयोग कर रहे ईंटें
प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा के गांवों में पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। पंडरिया ब्लॉक के 77 गांवों में 1474 मकान मंजूर हुए हैं। निर्माण के लिए ईंटों की
जरूरत है। इसे देखते हुए अवैध ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं। जंगल की लकड़ियों से ईंटें पकाई जा रही हैं। निजी खेतों और राजस्व भूमि पर ये भट्टे संचालित हो रहे हैं।
जंगल से ट्रैक्टर ट्रॉलियों में लकड़ी भरकर खुलेआम ले जाई जा रही
ग्राम नेउर के ईंट भट्ठों में ट्रैक्टर ट्रॉलियों में लकड़ी का परिवहन।
जानिए, इन गांवों के आसपास जंगल में कटाई की जा रही
पंडरिया ब्लॉक के दूरस्थ वनांचल गांवों में अवैध ईंट भट्ठे संचालित हैं। इनमें नेठर, अमनिया, दमगढ़, घोघरा, अमेय, पुटपुटा, पोलमी, अमली टोला, बदना, सेमहरा, लोखान,
तेलियापानी लेदरा, ढोलढोली, खाम्ही, रोखनी और कुई समेत कई गांव शामिल हैं। इन्हीं गांवों के आसपास जंगल में पेड़ों की अवैध कटाई कर परिवहन किया जा रहा है।
जिम्मेदारोंने कहा- ईंट भट्टों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी
• ईंट भट्टे से एक ट्रैक्टर लकड़ी जब्त एसडीओ: वन विभाग पंडरिया के एसडीओ सुयश धर दीवान ने बताया कि सूचना मिलने पर ग्राम नेउर में एक ईंट भट्टे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी जब्त की गई है। ज्यादातर अवैध कटाई राजस्व क्षेत्र में हो रही है। तहसीलदार को इसकी जानकारी दी गई है। ईंट भट्ठों की जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
• सूचना पर कार्रवाई करते हैं: नायब तहसीलदार कुकदूर की नायब तहसीलदार पूजा सिंह सर्वा का इस मामले में कहना है कि राजस्व वन में पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना पर कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठे लगाने के लिए राजस्व से कोई अनुमति नहीं दी जाती है।



