पोलमी में ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ व युवा दिवस का भव्य आयोजन, बच्चों ने खेलों में दिखाया दमखम, ली नशा मुक्ति की शपथ
12 अगस्त 2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोलमी में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ एवं युवा दिवस का संयुक्त रूप से भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में जागरूकता, प्रतिभा प्रदर्शन और सामाजिक कुरीतियों के प्रति विरोध की भावना विकसित करना था।
सुबह से ही विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। बच्चों ने रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में रस्सी कसा, फुगड़ी, खो-खो, कुर्सी दौड़ और रस्सी कूद जैसे खेलों में छात्रों ने जोश और ऊर्जा से भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। बच्चों को समझाया गया कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और देश की प्रगति की भी आधारशिला हैं। इसी के साथ नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया और नशे से दूर रहने की सलाह दी गई।
अंत में, सभी छात्र-छात्राओं और विद्यालय के शिक्षकों ने एक स्वर में नशा मुक्ति एवं उसकी रोकथाम हेतु शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।


