गुलेल से पत्थर मारने के विवाद में डंडे से पीटकर व्यक्ति की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
कुकदुर। थाना कुकदुर क्षेत्र के ग्राम डेंगुरजाम में गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान तीन लोगों ने एक राय होकर डंडे से हमला कर इतवारी बैगा को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में कुकदुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डेंगुरजाम निवासी मोहन बैगा, आमबाई उर्फ रामबाई बैगा और रामदयाल बैगा का अपने ही गांव के इतवारी बैगा के साथ गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीनों आरोपियों ने एक राय होकर डंडे से इतवारी बैगा पर हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी के मार्गदर्शन में घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित कर विधिवत जप्त एवं सीलबंद किए गए। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में पुलिस ने सूचनाकर्ता की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन एवं निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं जप्त की गईं। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 18 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोहन बैगा (45), पिता कोंदा बैगा, रामदयाल बैगा (20), पिता मोहन बैगा तथा आमबाई उर्फ रामबाई बैगा (40), पति मोहन बैगा शामिल हैं। तीनों ग्राम डेंगुरजाम, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में थाना प्रभारी कुकदुर निरीक्षक संतोष मिश्रा एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना अभी जारी है। मामले में थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत हत्या का अपराध दर्ज किया गया है।