पंडरिया विकासखण्ड के अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के शासकीय मिडिल स्कूल पोलमी में पदस्थ शिक्षक राकेश कुमार सोनी का शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान
पंडरिया विकासखण्ड के अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के शासकीय मिडिल स्कूल पोलमी में पदस्थ शिक्षक राकेश कुमार सोनी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज में अपनी विशेष पहचान बनाई है।
श्री सोनी ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार आधारित अध्यापन, पालक-शिक्षक सहभागिता, स्पोकन इंग्लिश, मोटिवेशन, खेलकूद एवं योग गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दिया है। कोविड-19 काल में ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा की निरंतरता बनाए रखना तथा हायर सेकेंडरी स्तर पर अतिरिक्त समय देकर जीव विज्ञान, रसायन एवं अंग्रेजी विषय का अध्यापन कर विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत परिणाम दिलाना इनकी विशेष उपलब्धियों में शामिल है।
उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी डॉक्टर एवं शिक्षक के रूप में चयनित होकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन कर चुके हैं। साथ ही श्री सोनी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में उद्घोषक, लोकसभा-विधानसभा-पंचायत चुनावों में अधिकारी, तथा छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार में सफल मंच संचालन कर शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन भी किया है।
शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है।