रायपुर में 8 फरवरी को जुटेंगे प्रदेश के प्राचार्य: मुख्यमंत्री साय और शिक्षा मंत्री का करेंगे भव्य अभिनंदन
रायपुर/कवर्धा: छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन के तत्वाधान में आगामी रविवार, 8 फरवरी को राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय स्थित प्रेक्षागृह में एक भव्य प्राचार्य सम्मेलन एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का विशेष सम्मान किया जाएगा।
10 साल का इंतजार खत्म होने पर आभार
कवर्धा जिला प्राचार्य मंच के संयोजक दीपक ठाकुर ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से प्रदेश के लगभग 2800 प्राचार्यों की पदोन्नति (प्रमोशन) रुकी हुई थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बहाल किया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रदेशभर के प्राचार्य मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन करेंगे।
दो सत्रों में होगा आयोजन
कार्यक्रम दो महत्वपूर्ण चरणों में संपन्न होगा:
प्रथम सत्र (सुबह 10:30 बजे): ‘स्कूल शिक्षा प्रबंधन में प्राचार्य की भूमिका’ तथा ‘विद्यार्थियों का बाल मनोविज्ञान एवं मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर बौद्धिक संगोष्ठी होगी।
द्वितीय सत्र (दोपहर 1:30 बजे): मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अध्यक्षता कर रहे शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा का सम्मान समारोह आयोजित होगा।
कवर्धा से बड़ी संख्या में शामिल होंगे प्राचार्य
कवर्धा जिला संयोजक दीपक ठाकुर एवं उपसंयोजक प्रफुल्ल बिसेन ने जिले के सभी प्राचार्यों से इस गौरवशाली आयोजन में शामिल होने की अपील की है। कवर्धा से प्राचार्यों का एक बड़ा दल रायपुर के लिए रवाना होगा। एसोसिएशन ने विश्वास जताया है कि यह सम्मेलन शिक्षा व्यवस्था की मजबूती और प्राचार्यों के मनोबल को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।