पीपरटोला घाट में दर्दनाक हादसा: लकड़ी से लदा ट्रैक्टर 60 फीट खाई में गिरा, चालक की मौत, चार नाबालिग घायल

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
पीपरटोला घाट में दर्दनाक हादसा: लकड़ी से लदा ट्रैक्टर 60 फीट खाई में गिरा, चालक की मौत, चार नाबालिग घायल
कबीरधाम जिले के कुकदुर वनांचल क्षेत्र अंतर्गत पीपरटोला घाट में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लगभग 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार चार नाबालिग बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनीराम बैगा (28 वर्ष), निवासी बिरझूनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीराम ट्रैक्टर से पैरा छोड़ने पीपरटोला गया था। इसी दौरान गांव के चार नाबालिग बच्चे घूमने के उद्देश्य से उसके साथ ट्रैक्टर में सवार हो गए। वापसी के समय ट्रैक्टर में लकड़ी की मोटी बल्लियां लोड की गई थीं।
घाटी क्षेत्र में ढलान होने के कारण और ट्रैक्टर के ओवरलोड होने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें सवार चारों बच्चे दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं चालक मनीराम बैगा ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से कुकदुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर घाटी क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खतरे को उजागर करता है।

Related posts