अनियंत्रित पिकअप पुलिया से नीचे नाले में गिरी; चालक की मौत, एक घायल

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
अनियंत्रित पिकअप पुलिया से नीचे नाले में गिरी; चालक की मौत, एक घायल
कोदवा गोडान/पंडरिया। गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पंडरिया से लगभग 7 किलोमीटर पहले क्रांति जलाशय के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 LK 6630) राजनांदगांव से सड़क मार्किंग का पेंट छोड़कर लौट रही थी। वाहन डिंडोरी (लोरमी) में सामान अनलोड करने के बाद बदौरा-पंडरिया मार्ग से चिल्फी घाटी की ओर जा रहा था। शाम करीब 4 बजे जैसे ही वाहन क्रांति जलाशय के समीप नाले की पुलिया पर पहुंचा, तेज रफ्तार के कारण चालक संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। वाहन के नीचे चालक जावेद बुरी तरह फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वाहन में सवार सुरेश नामक युवक हादसे में घायल हो गया। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पुलिया पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर पहले भी छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे विशेषकर पुलिया और घाटी वाले क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related posts