पोलमी: बिजली केबल तार में शॉर्ट सर्किट से पहरावत में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की मदद से पाया गया काबू

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
बिजली केबल तार में शॉर्ट सर्किट से पहरावत में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की मदद से पाया गया काबू
पंडरिया वनांचल क्षेत्र के ग्राम पोलमी की शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली केबल तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण पहरावत (पशुओं के चारे का ढेर) में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा पहरावत जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 7:00 बजे की है। बताया जा रहा है कि पोलमी में लगे दो बिजली खंभों के बीच केबल तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी पास में रखे कन्हैयालाल के पहरावत पर गिर गई, जिसके कारण उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और पूरा पहरावत जलकर खाक हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि आग पूरी तरह बुझाने में काफी समय लगा।
बताया जा रहा है कि कन्हैयालाल ग्राम पोलमी के निवासी हैं और मजदूरी व छोटे-मोटे काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पहरावत जल जाने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है, जिससे वे बेहद दुखी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वनांचल क्षेत्र मुख्यालय से कई किलोमीटर दूर होने के कारण यहां आपातकालीन सुविधाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं। फायर ब्रिगेड के पहुंचने में भी काफी देर हो जाती है, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका बनी रहती है।
गौरतलब है कि अभी गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जर्जर बिजली तारों की समय-समय पर जांच और मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Related posts