रेंगाखार में आदिवासी कांग्रेस की विस्तारित बैठक संपन्न, संगठन मजबूती पर हुआ मंथन

lok sev
previous arrow
next arrow
रेंगाखार में आदिवासी कांग्रेस की विस्तारित बैठक संपन्न, संगठन मजबूती पर हुआ मंथन
कबीरधाम जिले के रेंगाखार विश्राम गृह में आदिवासी कांग्रेस की विस्तारित बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक धुर्वे का भव्य स्वागत बिरन माला पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक स्तर के आदिवासी कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस कृष्णा पुसाम विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने तथा आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान आदिवासी समाज से संबंधित समसामयिक विषयों, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान एवं संगठन की भावी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक विकास के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा आम जनता तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक के दौरान आदिवासी कांग्रेस संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए संगठन के प्रति पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जनक धुर्वे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ समाज हित में कार्य करने की अपील की। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने एवं समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित साथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के आत्मीय स्वागत, सहयोग एवं स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया। रेंगाखार में आयोजित यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related posts