पोलमी मुख्य मार्ग अचरा में सड़क हादसा, बाइक सवार परिवार बाल-बाल बचा, वाहन चालक गिरफ्तार
मध्य प्रदेश से रायपुर की ओर जा रहे एक बाइक सवार परिवार का शुक्रवार को पोलमी मुख्य मार्ग अचरा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में पूरा परिवार गंभीर दुर्घटना से बाल-बाल बच गया, हालांकि कुछ लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल कुकदूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, महंदवानी (मध्य प्रदेश) निवासी होलकर पिता जोहार अपनी पत्नी ओमवती, एक बेटा और एक बेटी के साथ बाइक से रायपुर जा रहे थे। जैसे ही वे पोलमी मुख्य मार्ग अचरा क्षेत्र में पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तूफान वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस को बुलाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों के सहयोग मिला। मौके पर भावना बोहरा विधायक के संचालित एम्बुलेंस ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
एंबुलेंस चालक रोहित कुमार ने बताया कि घायलों को प्राथमिक जांच के बाद तुरंत कुकदूर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है। चालक के अनुसार कुछ लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन ‘तूफान’ को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल घायलों का इलाज कुकदूर अस्पताल में जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।