भैसाडबरी–भंडराटोला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण से ग्रामीण बेहाल, कीचड़ में घुटनों तक फंसकर आने-जाने को मजबूर
कबीरधाम। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भैसाडबरी से भंडराटोला तक 2.32 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे मोहल्ले के लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए मुरूम डाला गया, लेकिन उसे केवल सड़क के किनारों पर ही छोड़ दिया गया। बीच के हिस्से में मुरूम का समतलीकरण और बिछाने का कार्य नहीं किया गया। बारिश शुरू होते ही पूरी सड़क दलदल बन गई है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलने वाले लोगों के पैर घुटनों तक कीचड़ में धंस जाते हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और किसान सबसे अधिक परेशान हैं। कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं।

निर्माण कार्य के दौरान बीच-बीच में पुलिया और पानी निकासी के लिए संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इनका निर्माण भी गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार कार्य किया गया तो तेज बारिश में ये संरचनाएं बहने या धंसने का खतरा बना रहेगा, जिससे भविष्य में सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
जानकारी के अनुसार यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेस-IV, बैच-1) के अंतर्गत L051 भैसाडबरी से भंडराटोला सड़क निर्माण का है। सड़क की कुल लंबाई 2.32 किलोमीटर है। कार्य प्रारंभ की तिथि 25 मार्च 2026 है। इस परियोजना की अनुबंधित राशि 172.6 लाख रुपये है। निर्माण कार्य का जिम्मा मेसर्स एन.सी. नाहर, मालवीय नगर, दुर्ग को दिया गया है, जबकि क्रियान्वयन एजेंसी छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, कबीरधाम है। परियोजना के अनुसार कार्य वर्षा ऋतु को छोड़कर 12 माह में पूरा किया जाना है तथा सड़क का 5 वर्षों तक संधारण भी किया जाएगा।



