मौसम विभाग के इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट से वनांचल में मची हलचल, तेज सायरन सुनकर लोग घबरा गए
पंडरिया/भेड़ागढ़। रविवार शाम लगभग 6 बजे पोलमी-भेड़ागढ़ सहित आसपास के वनांचल क्षेत्र में मौसम विभाग द्वारा जारी आपातकालीन मोबाइल अलर्ट ने लोगों को अचानक चौंका दिया। क्षेत्र के लगभग सभी एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर एक साथ तेज सायरन जैसी आवाज गूंज उठी, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इस तरह का अलर्ट नहीं सुना था। अचानक मोबाइल से तेज आवाज आने पर कई लोग घबरा गए। कुछ लोगों को लगा कि कहीं मोबाइल में कोई तकनीकी खराबी या विस्फोट जैसी घटना न हो जाए। कई लोग घबराकर तुरंत मोबाइल को अपने हाथ से दूर रखने लगे, जबकि कुछ ने मोबाइल बंद करने की कोशिश की। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह अलर्ट मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन प्रणाली की ओर से जारी किया गया आपातकालीन चेतावनी संदेश था। इस प्रकार के अलर्ट का उद्देश्य लोगों को संभावित खराब मौसम, भारी बारिश, आंधी-तूफान या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति पहले से सतर्क करना होता है। यह मोबाइल की सरकारी इमरजेंसी अलर्ट प्रणाली के माध्यम से स्वतः प्रसारित किया जाता है।
हालांकि, वनांचल क्षेत्र के अधिकांश लोगों को इस व्यवस्था की पहले से जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने इसे असामान्य घटना समझ लिया। कई ग्रामीण एक-दूसरे से पूछते नजर आए कि आखिर मोबाइल में इतनी तेज आवाज क्यों आई। कुछ लोगों ने इसे लेकर चिंता भी व्यक्त की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार के अलर्ट के बारे में पहले से जागरूकता अभियान चलाया जाए तो भविष्य में लोग घबराने के बजाय अलर्ट को समझकर आवश्यक सावधानी बरत सकेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनी प्रणाली की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि लोग ऐसे संदेशों को लेकर भ्रमित न हों।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह का इमरजेंसी अलर्ट पूरी तरह सुरक्षित होता है और इसका उद्देश्य केवल लोगों को समय रहते सतर्क करना है। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे अलर्ट आने पर घबराएं नहीं, बल्कि संदेश को ध्यान से पढ़ें और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक निर्देशों का पालन करें। इससे किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान जनहानि और नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।