कबीरधाम में 200 गौवंश को पहनाए गए रेडियम बेल्ट, रात में सड़क हादसे रोकने यातायात पुलिस की अनोखी पहल

lok sev
previous arrow
next arrow
गौवंश की सुरक्षा के साथ सड़क हादसों पर लगाम, 200 गौवंश को पहनाए रेडियम बेल्ट
कबीरधाम। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश की सुरक्षा के लिए कबीरधाम यातायात पुलिस ने सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में यातायात पुलिस ने समाजसेवियों एवं गौ-सेवकों के सहयोग से 200 गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाए।
बारिश के मौसम में रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में सड़क के बीच या किनारे बैठे गौवंश वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे अचानक टक्कर होने और गंभीर सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है। इस समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने गौवंश को दूर से दिखाई देने के लिए रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान चलाया।
रेडियम बेल्ट पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकने लगता है। इससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालकों को काफी दूर से नजर आने लगते हैं। चालक समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सावधानी बरत सकता है, जिससे दुर्घटना की संभावना कम हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस को गौवंश की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह एवं उप निरीक्षक श्री अजय कांत तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने यह अभियान चलाया।
पुलिस ने आम नागरिकों, पशुपालकों एवं गौ-सेवकों से भी अपील की है कि गौवंश को लावारिस अवस्था में सड़क पर न छोड़ें। यदि कोई पशु सड़क पर बैठा या विचरण करता दिखाई दे तो उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा का उद्देश्य केवल हादसे के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटना की संभावनाओं को पहले ही कम करना है। वाहन चालकों की सुरक्षा के साथ बेजुबान पशुओं की जान बचाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस पहल में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह, उप निरीक्षक अजय कांत तिवारी, समाजसेवक सूचित बोथरा तथा गौ-सेवक नीलू सोनी, सागर साहू, पुरन, पाली, ओंकार राजपूत, मनोज साहू, चंद्रू चेलक, समीर सौंरा, दीपक सौंरा, नीरज यादव, अमन पटेल, तरुण साहू, रवि सिन्हा, शिवा यादव एवं दिनेश यादव का सराहनीय योगदान रहा।

Related posts