लूट के फरार आरोपी को कुकदुर पुलिस ने तेलंगाना से दबोचा, स्टोन क्रेशर खदान में छिपकर बदल रहा था पहचान
कुकदुर। कबीरधाम जिले के थाना कुकदुर पुलिस ने लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को तेलंगाना के निजामाबाद जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर स्टोन क्रेशर खदान में काम करते हुए छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को ग्राम चिंयाडांड निवासी शिकारी बैगा अपनी मोटरसाइकिल से छोटू यादव निवासी बरेण्डा, मध्यप्रदेश और उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल क्षेत्र में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने और पेशाब करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई।
मोटरसाइकिल रुकने के बाद आरोपियों ने लूट की नीयत से शिकारी बैगा के साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आरोपी पीड़ित की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 21/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 309(6) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में एक आरोपी छोटू यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
वहीं दूसरा आरोपी छोटेलाल यादव निवासी साल्हेभट्ठी, थाना कुकदुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी।
इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से जानकारी मिली कि फरार आरोपी तेलंगाना के निजामाबाद जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर कुकदुर पुलिस टीम तेलंगाना रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद आरोपी के कोरटपल्ली, थाना डिचपल्ली, जिला निजामाबाद स्थित श्री वेंकट सांई स्टोन क्रेशर खदान में छिपे होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के दिशा-निर्देश में की गई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।