आगरपानी प्रकृति की गोद में बसे सुदूर वनांचल और दो पहाड़ियों के बीच शांत वातावरण व हरियाली के बीच इन दिनों क्रिकेट का एक शानदार महोत्सव चल रहा है। इसी कड़ी में आगरपानी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें डालामौहा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस सीजन का दूसरा फाइनल अपने नाम कर लिया। इस शानदार टूर्नामेंट में डालामौहा ने पहला स्थान, आगरपानी ने दूसरा स्थान और माठपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबला आठ-आठ ओवरों का खेला गया, जिसमें डालामौहा के कप्तान राम परस्ते ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरपानी की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 69 रन बनाए और डालामौहा के सामने जीत के लिए 70 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डालामौहा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए महज 6.3 ओवरों में ही 4 विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान राम परस्ते ने छक्का लगाकर शानदार अंदाज में विनिंग शॉट खेला और टीम को जीत दिलाई।



