भरे बरसात में हो रहा सीसी रोड निर्माण, घटिया सामग्री और अनियमितताओं से ग्रामीणों में आक्रोश
पंडरिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत देवसरा में 15वें वित्त आयोग की राशि से बनाए जा रहे 45 मीटर लंबे सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। भरे बरसात के मौसम में निर्माण कार्य जारी है, जिससे गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। निर्माण कार्य में मिट्टी युक्त रेत, पुरानी धूल मिश्रित कीचड़युक्त लाल गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। प्राक्कलन में निर्धारित सामग्री के अनुरूप बेस और मुरूम तक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर पॉलिथीन तक बिछाई नहीं गई है, जो बरसात में मिट्टी और पानी से सड़क की मजबूती के लिए आवश्यक होता है।
नागरिक सूचना पटल लगाने का हाल ही में निर्देश जारी किया गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी उसकी भी अनदेखी कर रहे हैं। कार्य स्थल पर न तो कोई तकनीकी अधिकारी मौजूद रहता है, न ही किसी प्रकार की निगरानी नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि 15वें वित्त आयोग की राशि का खुला दुरुपयोग हो रहा है, और घटिया निर्माण से भविष्य में सड़क जल्द जर्जर होने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन का इस गंभीर लापरवाही पर अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।




