वनांचल ग्राम डालामौहा में दिखने लगी होली की रौनक, बच्चों ने शुरू की होलिका की तैयारी
कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम डालामौहा में होली पर्व को लेकर अभी से उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चे पूरे जोश के साथ होलिका दहन की तैयारी में जुट गए हैं। बच्चे गांव के विभिन्न मोहल्लों से लकड़ी और सूखी टहनियां एकत्र कर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार होलिका का स्वरूप तैयार कर रहे हैं।
ग्राम में इन दिनों शाम होते ही बच्चों की चहल-पहल बढ़ जाती है। छोटे-छोटे बच्चे मिलकर होलिका के लिए स्थान तय कर उसे सजाने-संवारने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की सहभागिता से बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति लगाव बढ़ता है।
होली, जिसे रंगों और भाईचारे का पर्व कहा जाता है, ग्रामीण अंचलों में विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। होलिका दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाता है। ग्राम डालामौहा में भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी पूरे उत्साह के साथ त्योहार की तैयारियों में भाग ले रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि होली के दिन गांव में सामूहिक रूप से होलिका दहन किया जाएगा और इसके बाद रंग-गुलाल के साथ हर्षोल्लास से पर्व मनाया जाएगा। अभी से गांव में त्योहार की रंगत दिखाई देने लगी है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ