कबीरधाम जिला पुलिस की अपील: होली खुशियों का त्योहार है, हुड़दंग का नहीं
होली पर्व के मद्देनज़र कबीरधाम पुलिस ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसे हुड़दंग और अव्यवस्था का माध्यम न बनने दें।
पुलिस द्वारा जारी संदेश में नागरिकों से विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में ड्राइविंग से न केवल आपकी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। त्योहार के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।
महिलाओं के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या जबरन रंग लगाने जैसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली का आनंद आपसी सहमति और मर्यादा के साथ ही लिया जाए।
इसके अलावा मारपीट, हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने और स्टंटबाजी से भी बचने की अपील की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस टीमों को प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता” है और त्योहार के दौरान आमजन की सहायता के लिए पुलिस हर समय उपलब्ध रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या मोबाइल नंबर 9479192406 पर तुरंत संपर्क करने की अपील की गई है।
जिलेवासियों से अनुरोध है कि प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ होली मनाएं, ताकि यह पर्व सभी के लिए सुखद और सुरक्षित अनुभव बन सके।