वनांचल ग्राम सेमरहा के बच्चों के साथ विधायक भावना बोहरा ने मनाई दीपावली, बच्चों को तिलक लगाकर बांटी खुशियां
रणवीरपुर। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपने गृह ग्राम रणवीरपुर आगमन के दौरान वनांचल ग्राम सेमरहा के बच्चों के साथ दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया और दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। विधायक ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें अपनेपन का एहसास कराया। इस दौरान पूरा माहौल खुशियों, उत्साह और आत्मीयता से सराबोर नजर आया।
दीपावली के इस खास अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद बच्चों के साथ हंसी-खुशी आतिशबाजी की और त्योहार की खुशियों को यादगार बनाया। बच्चों के चेहरे पर दिखाई दे रही मुस्कान और उनके उत्साह ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। बच्चों ने भी विधायक के साथ दीपावली मनाकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की।
इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि इन नन्हे बच्चों के चेहरे पर चमकती मुस्कान और उनकी आंखों में दिखाई देने वाला उत्साह उनके लिए किसी अनमोल उपहार से कम नहीं है। इन बच्चों के साथ बिताया गया हर पल मन को अपार आनंद और आत्मिक संतुष्टि प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन को संवारना, उन्हें शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना तथा उनके सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि ये बच्चे उनके अपने परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और विशेषकर वनांचल क्षेत्र के बच्चों को भी वही स्नेह, अपनापन और खुशियां मिलें, जो हर परिवार अपने बच्चों को देता है। त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम भी होते हैं।
विधायक भावना बोहरा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके चेहरों पर खुशियां बनी रहें और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग मिलता रहे, इसके लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी। शिक्षा, संस्कार और बेहतर अवसरों के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
वनांचल ग्राम सेमरहा के बच्चों के साथ मनाया गया यह दीपोत्सव केवल दीपावली का उत्सव नहीं रहा, बल्कि स्नेह, सेवा, अपनापन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दे गया। विधायक के इस आत्मीय पहल से बच्चों के बीच त्योहार की खुशियां और उत्साह देखने को मिला।